कांग्रेस विधायकों को 25 से 35 करोड़ रुपयों का ऑफर दिए जाने का आरोप लगाने के एक दिन बाद मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने फिर आरोप दोहराए। सिंह ने कहा कि भाजपा ने राज्य के कांग्रेस, बसपा और सपा के विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इधर, बसपा विधायक के पति ने आरोपों को नकारा है।
दिग्विजय ने ट्वीट के जरिए यह आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल किया-‘बसपा की विधायक रामबाई को क्या भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह कल (सोमवार) चार्टर्ड प्लेन से भोपाल से दिल्ली नहीं लाए? क्या पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कुछ कहना चाहेंगे?’ इसी से संबंधित एक अन्य ट्वीट में सिंह ने कहा- लेकिन हमें रामबाई पर पूरा भरोसा है। वे मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी।
रामबाई बेटी को देखने दिल्ली गई हैं : विधायक पति
वहीं, विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह ने कहा कि दिल्ली में उनकी बेटी पढ़ती है, वह बीमार है, इसलिए उसे देखने और इलाज के लिए गई हैं और शाम तक वापस भी लौट आएंगी। न तो कोई खरीद-फरोख्त हो रही है और न ही रामबाई को कोई दिल्ली लेकर गया है। विधानसभा सत्र से पहले इस तरह की बातचीत हर बात होती है।
कांग्रेस विधायकों को ऑफर देने का आरोप लगा चुके दिग्विजय
इससे पहले सोमवार दिल्ली में मीडिया के समक्ष दिग्विजय ने आरोप लगाया था कि भाजपा हमारे विधायकों की खरीद-फरोख्त का प्रयास कर रही है। शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा कांग्रेस विधायकों को 25 से 35 करोड़ रुपए देने की पेशकश कर रहे हैं। यह कर्नाटक नहीं, मध्य प्रदेश है। कहा- हमारे विधायक बिकाऊ नहीं हैं
भाजपा ने दिग्विजय से सबूत मांगे थे
हालांकि, हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नेता विपक्ष गोपाल भार्गव ने अपने-अपने तरीके से जवाब दिए थे। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा था कि दिग्विजय सिंह झूठे आरोप लगा रहे हैं। शिवराज ने कहा था कि दिग्विजय मुख्यमंत्री पर दबाव डालने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। गोपाल भार्गव ने कहा था कि राज्य में विधायकों की खरीद-फरोख्त की परंपरा न कभी थी और न ही रहेगी। उन्होंने दिग्विजय से सबूत भी पेश करने की मांग की थी।